Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

Total Pageviews

सड़क सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, शिक्षा मित्र योजना, राहत योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर कलेक्टर एवं एसएसपी ने अधिकारियों के साथ की बैठक

  सड़क सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, शिक्षा मित्र योजना, राहत योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर कलेक्टर एवं एसएसपी ने अधिकारि...

 सड़क सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, शिक्षा मित्र योजना, राहत योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर कलेक्टर एवं एसएसपी ने अधिकारियों के साथ की बैठक 

जिले में समन्वित प्रयास से शासन की योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जायेगा 



ग्वालियर / सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं को लेकर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने शनिवार को जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और कार्यों को तेजी के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

कलेक्ट्रेट कार्यालय में महत्वपूर्ण मुद्दों पर आयोजित इस बैठक में यातायात व्यवस्था के साथ-साथ अन्य पहलुओं पर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, अपर कलेक्टर श्री सी बी प्रसाद, अपर आयुक्त नगर निगम श्री टी धर्माराव, एडिशनल एसपी सुश्री अनु बेनीवाल, सुश्री विदिशा, सुश्री सुमन गुर्जर सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे। 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया है कि चिन्हित ब्लैक स्पॉट के अतिरिक्त पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित किए गए सभी 21 प्वॉइंटों पर लोक निर्माण विभाग, नगर निगम एवं संबंधित विभागीय अधिकारी तत्परता से कार्य करें, ताकि सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने पीएम राहत योजना की चर्चा करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा सड़क पर घायल हुए व्यक्तियों को तत्काल उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु महत्वपूर्ण योजना प्रारंभ की है। इस योजना के तहत मोटराइज्ड व्हीकल से कोई भी दुर्घटना होती है तो गोल्डन हावर्स में तत्परता से घायल को नजदीकी अस्पताल पहुँचाने पर नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। इस योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिले, इसके लिये मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अस्पताल प्रबंधकों के साथ-साथ एम्बूलेंस संचालकों की भी बैठक लेकर योजना के संबंध में जानकारी दें और इस योजना का जिले में बेहतर क्रियान्वयन हो, यह सुनिश्चित भी करें। 

कलेक्टर श्रीमती चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने जोनल प्लान के संबंध में चर्चा करते हुए निर्देशित किया है कि पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी जोनल प्लान के संबंध में संयुक्त भ्रमण कर अपना प्रतिवेदन दें ताकि इसे और प्रभावी रूप से बनाया जा सके। जोनल प्लान का उद्देश्य आपात स्थिति में नागरिकों को तत्परता से सहयोग करने एवं कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाना है। 

राहत प्रकरणों में तत्परता से हो कार्रवाई 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने राहत योजना के तहत संचालित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से प्रयास करें कि जो भी प्रकरण लंबित हैं, उनका निराकरण तत्परता से हो ताकि पीड़ित व्यक्ति को राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके। विभागीय अधिकारी समन्वय स्थापित कर राहत प्रकरणों में जो भी दस्तावेज आवश्यक हैं उनकी पूर्ति सुनिश्चित कराएं। 

खुले में मांस-मछली विक्रेताओं पर हो कार्रवाई 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा है कि जिले में कहीं पर भी खुले में मांस-मछली का विक्रय न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि कहीं पर भी खुले में मांस-मछली का विक्रय न हो। जहां पर भी मांस-मछली का विक्रय हो, वहां पर पूरी तरह से कवर्ड दुकान होना चाहिए। इसके साथ ही दुकान में साफ-सफाई का भी विशेष प्रबंध हो यह सुनिश्चित किया जाए। बिना लायसेंस या बिना अनुमति के कोई भी व्यक्ति मांस-मछली का विक्रय न करे, इसे भी निरीक्षण के दौरान सुनिश्चित किया जाए। 

ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रखी जाए कड़ी निगरानी 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने जिले में बच्चों की परीक्षा और त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय-सीमा में और निर्धारित वॉल्यूम में हो, यह सुनिश्चित किया जाए। निर्धारित समय-सीमा के अतिरिक्त एवं अधिक वॉल्यूम पर उपयोग करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई हो। इसके साथ ही ध्वनि विस्तारक यंत्र भी जब्त करने की कार्रवाई की जाए। 

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिले में गाड़ियों पर डीजे लगाकर अधिक वॉल्यूम में साउण्ड का उपयोग करने वालों के विरूद्ध भी कार्रवाई की जाए। सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से डीजे संचालकों की बैठक कर उन्हें आवश्यक समझाइश दें। शादी एवं अन्य शुभ कार्यक्रमों में भी डीजे का उपयोग निर्धारित समय एवं वॉल्यूम के साथ हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। 

हेलमेट के प्रति जागरूकता का चलाया जाए विशेष अभियान 

यातायात नियमों के तहत वाहन चालक हेलमेट का उपयोग करें ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। जिले में हेलमेट का उपयोग अधिक से अधिक लोग करें, इसके लिये निरंतर जागरूकता अभियान संचालित किया जाए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कहा कि पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग विधानसभावार जागरूकता अभियान का संचालन करें, इस कार्य में समाज की भागीदारी भी हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। स्कूल कॉलेजों में भी हेलमेट के उपयोग के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया जाए। 

शिक्षा मित्र अभियान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देंगे एक लाख रुपए का सहयोग 

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर जिले के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को कुर्सी-टेबल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई गई विशेष मुहिम में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह भी एक लाख रुपए की धनराशि विद्यार्थियों के कुर्सी-टेबल के लिये प्रदान करेंगे। 

कलेक्टर श्रीमती चौहान की पहल पर जिले में प्रारंभ की गई शिक्षा मित्र योजना के तहत कलेक्टर सहित जिला प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों ने भी सहयोग राशि प्रदान की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने भी इस पुनीत कार्य में एक लाख रुपए देने की सहमति देने के साथ ही पुलिस विभाग के अधिकारियों के माध्यम से भी यथासंभव सहयोग देने की बात कही है। 


No comments

Contact Form

Name

Email *

Message *

Latest Articles