कोलारस वन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई: 50 बीघा वनभूमि अतिक्रमण से मुक्त शिवपुरी /वन विभाग ने शिवपुरी के कोलारस वन परिक्षेत्र में अतिक्रमण वि...
कोलारस वन क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई: 50 बीघा वनभूमि अतिक्रमण से मुक्त
शिवपुरी /वन विभाग ने शिवपुरी के कोलारस वन परिक्षेत्र में अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 बीघा वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई लंबे समय से चले आ रहे अवैध कब्जे के खिलाफ की गई।
जानकारी के अनुसार, कोलारस परिक्षेत्र की सर्वेक्षण क्षेत्र की बीट कोटानाका-3 (कक्ष क्रमांक PF 1190) और बीट कोटानाका-6 (कक्ष क्रमांक PF 1191) में पिछले करीब 10 वर्षों से हरगोविंद यादव द्वारा लगभग 50 बीघा वनभूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही थी। मामले को संज्ञान में लेकर आवश्यक दस्तावेजी एवं वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सक्षम अधिकारी द्वारा बेदखली आदेश जारी किया गया।
आदेश के पालन में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान 2 जेसीबी मशीन और 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से अतिक्रमण हटाया गया तथा भूमि को पुनः वन विभाग के कब्जे में लिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर एक कुआं भी मिला, जिसे वन अमले द्वारा पाट दिया गया।
वन विभाग ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों एवं अन्य लोगों को सख्त हिदायत दी कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments