कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस एजेंडा के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित अशोकनगर / कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के एजेंडा बिंदुओं के संबंध में आज है...
कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस एजेंडा के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित
अशोकनगर / कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के एजेंडा बिंदुओं के संबंध में आज हैंडलूम पार्क, चंदेरी में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में खंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री मनीष धनगर द्वारा विभागवार समीक्षा करते हुए कहा गया कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाने हेतु सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में शौचालय, मध्यान्ह भोजन, डाइस कोड एवं प्राथमिक तथा माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या संबंधी जानकारी ली गई। आवश्यक सुधार हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि जिन हितग्राहियों की समग्र आईडी नहीं बनी है, उनकी समग्र आईडी महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पंचायत विभाग के समन्वय से शीघ्र बनाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।
साथ ही ब्लड डोनेशन शिविर के आयोजन हेतु जिला कार्यालय से तिथि प्राप्त करने एवं एक्स-रे सेवाओं का प्रतिशत बढ़ाने तथा आशा कार्यकर्ताओं की बंद आईडी को पुनः सक्रिय कराने के निर्देश भी दिए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान सीडीपीओ को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र की सेक्टरवार जानकारी आगामी बैठक में प्रस्तुत करें। साथ ही SAM एवं MAM बच्चों की अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि आगामी बैठक में विभागीय योजनाओं एवं प्रगति की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करें।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से यह जानकारी आगामी बैठक में प्रस्तुत करने हेतु कहा गया कि कितनी पंचायतों में जल प्रदाय हेतु पानी की मोटर उपलब्ध कराई गई है।
पशु चिकित्सा विभाग को गौशालाओं में पशुओं की संख्या बढ़ाने तथा विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनपद पंचायत की समीक्षा के दौरान तीन सब-इंजीनियरों को लक्ष्य पूर्ण नहीं करने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूर्ण कार्यों के फोटो पोर्टल पर अपलोड करने एवं तीन जनमन आंगनबाड़ी केंद्रों हेतु स्थान चिन्हित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



No comments