पिछोर में ‘नए पिछोर’ के निर्माण का दावा, विधायक प्रीतम सिंह लोधी बोले- अभी तो फिल्म शुरू हुई है रिपोर्ट : अतुल जैन, पिछोर (शिवपुरी) पिछोर। क...
पिछोर में ‘नए पिछोर’ के निर्माण का दावा, विधायक प्रीतम सिंह लोधी बोले- अभी तो फिल्म शुरू हुई है
रिपोर्ट : अतुल जैन, पिछोर (शिवपुरी)
पिछोर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगामी दौरे को लेकर पिछोर क्षेत्र में तैयारियां तेज हैं। कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया के दौरे से पहले भाजपा के सभी कार्यकर्ता मिलकर व्यवस्थाओं को देखते हैं और जहां भी कमी नजर आती है, उसे दूर कराया जाता है। उन्होंने कहा कि सिंधिया के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
विधायक लोधी ने कहा, “जब हमारे बड़े महाराज आते हैं तो ऐसा ही होता है। महाराज के आने से पहले हम सभी कार्यकर्ता मिलकर व्यवस्थाएं देखते हैं कि कहां क्या कमी है और उसे कैसे पूरा किया जाए।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व को विकास का आधार बताते हुए कहा कि क्षेत्र में इन तीनों का ‘मैजिक’ चल रहा है।
30 साल बनाम ढाई साल की तुलना
विधायक ने पिछोर के विकास को लेकर कांग्रेस के पिछले 30 साल के कार्यकाल और भाजपा सरकार के वर्तमान ढाई साल के कार्यकाल की तुलना की। उन्होंने दावा किया कि “जो काम 30 साल में नहीं हुए, वे ढाई साल में हुए हैं और अभी ढाई साल का समय बाकी है।”
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पिछोर में विकास के और बड़े काम दिखाई देंगे। “अभी तो फिल्म शुरू हुई है, अभी तो पार्टी शुरू हुई है। आगे देखते जाइए कि पांच साल में यहां क्या-क्या होता है,” विधायक ने कहा।
‘नया पिछोर और नया जिला बनेगा’
विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने बामौरकलां और पिछोर क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि आने वाले समय में “नया पिछोर बनेगा, नया जिला बनेगा और नया किला बनेगा।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले दिनों में इसके परिणाम दिखाई देंगे।
सिंधिया की बारीकी से निरीक्षण करने की आदत का किया जिक्र
कार्यक्रम स्थल पर निर्माण कार्यों की व्यवस्थाओं को लेकर विधायक ने ठेकेदार को आवश्यक कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया प्रत्येक कार्य को बहुत बारीकी से देखते हैं, इसलिए निर्माण और व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि सिंधिया जिस तरह से हर छोटी-बड़ी चीज का निरीक्षण करते हैं, उसके कारण कार्यकर्ताओं और संबंधित अधिकारियों को भी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देना पड़ता है। उन्होंने ठेकेदार से कहा कि निर्माण कार्य में जो भी कमियां हैं, उन्हें समय रहते ठीक किया जाए।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के आगामी शिवपुरी प्रवास को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जारी हैं। विधायक के बयान के बाद पिछोर के विकास और क्षेत्र को जिला बनाए जाने की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।



No comments