बदरवास में 300 क्विंटल से अधिक सरकारी चावल जब्त, गोदाम सील चावल से भरा ट्रक पकड़ा, गोदाम संचालक पर एफआईआर; दो ट्रक चालकों पर प्रतिबंधात्मक क...
बदरवास में 300 क्विंटल से अधिक सरकारी चावल जब्त, गोदाम सील
चावल से भरा ट्रक पकड़ा, गोदाम संचालक पर एफआईआर; दो ट्रक चालकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर शासकीय खाद्यान्न की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ बदरवास में प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। टीम ने रियांशी ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम से करीब 300 क्विंटल शासकीय उचित मूल्य का चावल जब्त कर गोदाम को सील कर दिया। चावल से भरे एक ट्रक को भी जब्त कर थाना बदरवास की अभिरक्षा में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार बदरवास क्षेत्र में शासकीय चावल के अवैध भंडारण और परिवहन की सूचना मिलने पर कलेक्टर अर्पित वर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद तहसीलदार बदरवास सचिन भार्गव, जिला आपूर्ति अधिकारी तुलेश्वर कुर्रे, सहायक आपूर्ति अधिकारी जसराम जाटव एवं जयदीप सिंह लोधी तथा कृषि उपज मंडी सचिव नरेंद्र जाटव की संयुक्त टीम ने रियांशी ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में करीब 300 क्विंटल शासकीय चावल मिला। बताया गया कि चावल को ट्रक में भरकर परिवहन की तैयारी की जा रही थी। टीम ने मौके पर ही ट्रक जब्त कर लिया और गोदाम सील कर दिया। मामले में कंपनी संचालक सचिन मंगल पिता ब्रजेश मंगल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कार्रवाई के दौरान लोक शांति भंग करने की स्थिति को देखते हुए ट्रक चालक हेमराज गुर्जर और मुकेश गुर्जर के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई तथा उन्हें जेल भेजा गया।
आटा मिल में भी मिला सरकारी चावल
इसी कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम ने स्टेशन रोड स्थित जय गुरुदेव आटा मिल, संचालक पंकज गर्ग, का भी निरीक्षण किया। यहां करीब 8 क्विंटल शासकीय चावल पाया गया। टीम ने चावल जब्त कर नियमानुसार सैंपल लिए और संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
अवैध परिवहन पर वाहन राजसात की चेतावनी
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि शासकीय उचित मूल्य का खाद्यान्न पात्र एवं जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए आवंटित होता है। इसके अवैध भंडारण, हेराफेरी या परिवहन को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी राशन के अवैध परिवहन या कालाबाजारी में वाहन अथवा परिवहनकर्ता की संलिप्तता पाए जाने पर वाहन राजसात करने सहित दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट दीपक विकट

No comments