शासकीय सभागार में भाजपा की प्रेसवार्ता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल मोहित अग्रवाल बोले- सरकारी भवनों पर कब्जा करने की आदत, सीईओ ने कहा- मुझे जान...
शासकीय सभागार में भाजपा की प्रेसवार्ता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
मोहित अग्रवाल बोले- सरकारी भवनों पर कब्जा करने की आदत, सीईओ ने कहा- मुझे जानकारी नहीं
शिवपुरी, 29 सितंबर। जिला पंचायत के डीआरडीए स्थित शासकीय सभागार में सोमवार को भाजपा द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता को लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा सरकारी भवनों का उपयोग राजनीतिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, जो उचित नहीं है। वहीं जिला पंचायत सीईओ विजय राज ने कहा कि उन्हें इस प्रेसवार्ता की जानकारी नहीं है, इसलिए वे इस संबंध में फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।
जानकारी के अनुसार सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव और भाजपा मीडिया प्रभारी मुकेश जैन की मौजूदगी में जिला पंचायत के डीआरडीए स्थित शासकीय सभागार में प्रेसवार्ता आयोजित की गई थी। बताया गया कि प्रेसवार्ता पार्टी के निर्देश पर आयोजित की गई थी। हालांकि प्रेसवार्ता में शहर के अपेक्षाकृत कम पत्रकार पहुंचे। प्रेसवार्ता के दौरान जिस मुद्दे को लेकर भाजपा की ओर से मीडिया के सामने अपनी बात रखी गई, उस पर भी भाजपा जिलाध्यक्ष और जिला पंचायत अध्यक्ष से पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का अपेक्षित स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका।
कांग्रेस ने सरकारी भवन के इस्तेमाल पर जताई आपत्ति
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने प्रेसवार्ता के लिए शासकीय भवन के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा सरकारी मशीनरी और शासकीय संस्थानों के इस्तेमाल का यह पहला मामला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की सरकारी भवनों के इस्तेमाल की प्रवृत्ति लंबे समय से चली आ रही है।
मोहित अग्रवाल ने शासकीय कोठी नंबर-1 का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय से इस भवन का इस्तेमाल भाजपा के पार्टी कार्यालय के रूप में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी तरह जिला पंचायत के शासकीय सभागार में भी राजनीतिक दल की प्रेसवार्ता आयोजित की गई। कांग्रेस इस मामले में प्रशासन से जवाब मांगेगी कि आखिर किसकी अनुमति से शासकीय भवन में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीईओ बोले- जानकारी नहीं तो कैसे दें बयान
इस पूरे मामले में जिला पंचायत के सीईओ विजय राज से जब प्रेसवार्ता के संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि सोमवार को वे पूरे दिन राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष के साथ आयोजित कार्यक्रमों में व्यस्त थे। उन्होंने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है कि डीआरडीए में कब और किसकी प्रेसवार्ता हुई।
सीईओ विजय राज के मुताबिक, जब तक उन्हें इस कार्यक्रम के संबंध में पूरी जानकारी नहीं होगी, तब तक वे इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दे सकते।
प्रेसवार्ता को लेकर अब प्रशासन से सवाल
भाजपा की प्रेसवार्ता के लिए शासकीय सभागार के उपयोग को लेकर उठे सवालों के बाद अब यह मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है। कांग्रेस ने जहां इसे सरकारी भवन के राजनीतिक इस्तेमाल का मामला बताते हुए विरोध दर्ज कराने की बात कही है, वहीं जिला पंचायत प्रशासन की ओर से फिलहाल कार्यक्रम की अनुमति अथवा उपयोग से संबंधित कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि शासकीय सभागार में राजनीतिक दल की प्रेसवार्ता किसकी अनुमति से आयोजित की गई थी।
रिपोर्ट : दीपक विकट
29 सितंबर 2026





No comments