मासूम अनय की मौत ने झकझोरा शिवपुरी, कलेक्टर अर्पित की भी भर आयीं आँखें मकसी बस हादसे के बाद फूटा जनाक्रोश, इंसाफ की मांग को लेकर सड़कों पर...
मासूम अनय की मौत ने झकझोरा शिवपुरी, कलेक्टर अर्पित की भी भर आयीं आँखें
मकसी बस हादसे के बाद फूटा जनाक्रोश, इंसाफ की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे लोग
बेचैन 👁️नजर शिवपुरी
शिवपुरी / मकसी में बस के आग का गोला बनने से हुई दर्दनाक दुर्घटना में मासूम अनय जैन की मौत ने पूरे शिवपुरी को भीतर तक झकझोर दिया है। भीषण गर्मी के बीच शहर का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर दिखाई दिया, जब हजारों लोग मध्यदेशीय धर्मशाला से जिला कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालते हुए इंसाफ की मांग करने पहुंच गए। इस प्रदर्शन में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के विधायक, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, महिलाएं और युवा एक साथ नजर आए। हर चेहरे पर दर्द था और हर आवाज में एक ही सवाल गूंज रहा था कि आखिर मासूम अनय की क्या गलती थी।
शहर में इस घटना को लेकर पहले से ही भारी आक्रोश था, लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा की गई कथित अमानवीय और हृदयहीन टिप्पणियों ने लोगों का गुस्सा और भड़का दिया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने ऐसे लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग उठाई, जिन्होंने दुख की इस घड़ी में संवेदनहीनता दिखाई। कई लोगों की आंखों में आंसू थे तो कई माता-पिता अपने बच्चों का हाथ कसकर पकड़े दिखाई दिए। लोगों का कहना था कि यदि अब भी प्रशासन नहीं जागा तो ऐसी घटनाएं आगे भी मासूम जिंदगियां निगलती रहेंगी।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर अनय जैन के माता-पिता ने मौजूद लोगों और अधिकारियों के सामने हादसे की भयावहता को बयां किया। जैसे-जैसे वे उस दर्दनाक मंजर का वर्णन करते गए, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम होती चली गईं। बताया जाता है कि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा भी इस दौरान भावुक हो उठे। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि हादसे के दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
कलेक्टर ने सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को भी गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में कोतवाली थाना प्रभारी को तत्काल और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मामले की हर पहलू से जांच होगी और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई तय है।
शिवपुरी में लंबे समय बाद ऐसा दृश्य देखने को मिला, जब राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर पूरा शहर एक मासूम की मौत पर न्याय की मांग के लिए एकजुट दिखाई दिया। अनय अब इस दुनिया में नहीं है लेकिन उसकी दर्दनाक मौत ने व्यवस्था, सुरक्षा और संवेदनशीलता पर बड़े सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।


No comments