जनकल्याण शिविर में 12 हजार से अधिक आवेदनों का निराकरण, प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया जनजागरूकता का संदेश चित्रकला और कुकिंग प्रतियोगिताओ...
जनकल्याण शिविर में 12 हजार से अधिक आवेदनों का निराकरण, प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिया जनजागरूकता का संदेश
चित्रकला और कुकिंग प्रतियोगिताओं में दिखी विद्यार्थियों व महिलाओं की प्रतिभा
Indiaaajtak.in
Editor-in-Chief : Vinod Vikat
मो. : 9977708976
दिनांक : 15/06/2026
शिवपुरी। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत खनियाधाना में 12 से 14 जून तक आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 12 हजार 599 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई।
शिविर के प्रथम दिवस क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की जानकारी ली तथा अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविर में आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
शिविर के द्वितीय दिवस जनपद पंचायत एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, योग एवं जल गंगा संवर्धन जैसे विषयों पर आकर्षक चित्रों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
तीन दिवसीय शिविर का समापन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए आयोजित कुकिंग प्रतियोगिता के साथ हुआ। प्रतियोगिता में महिलाओं ने पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन करते हुए अपनी पाक कला का परिचय दिया। एसडीएम ममता शाक्य एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी मोगराज मीणा ने प्रतिभागियों द्वारा तैयार व्यंजनों का अवलोकन कर उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक स्रोत समन्वयक संजय भदौरिया, महिला एवं बाल विकास अधिकारी प्रियंका बुनकर, संवाद मित्र राजेश देव पांडे, महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जनकल्याण शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना एवं आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। खनियाधाना में आयोजित इस शिविर ने जनसहभागिता और प्रशासनिक संवेदनशीलता का प्रभावी उदाहरण प्रस्तुत किया।


No comments