30-35 साल से एक ही कुर्सी पर जमे अधिकारी-कर्मचारी, पीडब्ल्यूडी के बाबू पर भी उठे सवाल शिवपुरी। जिले के कई सरकारी विभागों में अधिकारी और कर्म...
30-35 साल से एक ही कुर्सी पर जमे अधिकारी-कर्मचारी, पीडब्ल्यूडी के बाबू पर भी उठे सवाल
शिवपुरी। जिले के कई सरकारी विभागों में अधिकारी और कर्मचारी पिछले 25 से 35 वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं। लंबे समय से एक ही जगह पदस्थ रहने को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण, जिला चिकित्सालय, उद्योग विभाग, उद्योग सहकारी बैंक, थोक उपभोक्ता भंडार, नगर पालिका, कृषि उपज मंडी सहित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में भी कई अधिकारी-कर्मचारी वर्षों से एक ही कुर्सी पर जमे हुए हैं।
प्राप्त सूची के अनुसार पीडब्ल्यूडी संभाग शिवपुरी में जयप्रकाश वर्मा (सहायक ग्रेड-3) वर्ष 09.09.1992 से शिवपुरी में पदस्थ हैं, जबकि दिलीप कुमार शर्मा 20.10.1989, राकेश कुमार अग्रवाल 19.04.1991, साधना गुप्ता 05.09.1994, रवीश भटनागर 20.12.1994, दयानंद शिवहरे 01.01.1997 तथा नवल किशोर चंदौरिया 08.10.1998 से शिवपुरी में कार्यरत हैं। सूची में कई अन्य कर्मचारियों का भी 20 से 30 वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थ होना दर्ज है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष पीडब्ल्यूडी में करोड़ों रुपये के वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया था। इस मामले में विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर को जेल भेजा गया था तथा 14 अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसी मामले में विभाग के बाबू जेपी वर्मा का नाम भी चर्चाओं में आया था, लेकिन बाद में उनका नाम प्रकरण में शामिल नहीं हुआ। इसे लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर उनका नाम जांच में क्यों नहीं आया।
वहीं, सोशल मीडिया पर बाबू की कथित अचल संपत्तियों के फोटो और वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर उनकी संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग उठ रही है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विपक्ष और आमजन का कहना है कि लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों का समय-समय पर स्थानांतरण तथा निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

No comments