150 बीघा वन भूमि से अतिक्रमण हटाया, संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता वन, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने चलाया अभियान शिवपुरी, 17 जून 2026। स...
150 बीघा वन भूमि से अतिक्रमण हटाया, संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता
वन, राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने चलाया अभियान
शिवपुरी, 17 जून 2026। सामान्य वनमंडल शिवपुरी के अंतर्गत वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के विशेष अभियान के तहत वन परिक्षेत्र कोलारस में लगभग 150 बीघा वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई वन विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस के संयुक्त दल द्वारा वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद की गई।
वन परिक्षेत्र कोलारस की सबरेंज कोलारस-बी की बीट सनवारा के आरएफ कक्ष क्रमांक 127 एवं 129 में ग्राम बैड़ारी निवासी अनील जादौन, सुघर सिंह यादव, बादाम यादव, उत्तम यादव, रिंका यादव एवं उनके अन्य साथियों द्वारा वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को सक्षम प्राधिकारी के बेदखली आदेश के पालन में हटाया गया।
कार्रवाई सामान्य वनमंडल शिवपुरी के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन एवं वन परिक्षेत्राधिकारी कोलारस के नेतृत्व में की गई। अभियान में वन परिक्षेत्राधिकारी बदरवास, वन परिक्षेत्राधिकारी शिवपुरी, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी तेंदुआ तथा थाना प्रभारी रन्नौद सहित वन विभाग का अमला मौजूद रहा। तीन जेसीबी मशीनों एवं दो ट्रैक्टरों की सहायता से करीब 150 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से मौके पर कंटूर ट्रेंच का निर्माण भी कराया गया।
वन विभाग ने ग्रामीणों से वन भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Indiaaajtak.in
Editor-in-Chief : Vinod Vikat
मो. 9977708976
दिनांक : 17/06/2026



No comments