शिवपुरी में नशे के नेटवर्क पर फिजिकल पुलिस का बड़ा प्रहार, 25 लाख की स्मैक के साथ करुआ गिरफ्तार 106 ग्राम स्मैक, 52 हजार नकद, बाइक व मोबाइ...
शिवपुरी में नशे के नेटवर्क पर फिजिकल पुलिस का बड़ा प्रहार, 25 लाख की स्मैक के साथ करुआ गिरफ्तार
106 ग्राम स्मैक, 52 हजार नकद, बाइक व मोबाइल जब्त; ग्वालियर से लाई गई खेप, सप्लायर राजेंद्र की तलाश तेज
रिपोर्ट: विनोद विकट | Editor-in-Chief, Indiaaajtak.in
दिनांक: 02 जून 2026 | शिवपुरी
शिवपुरी में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फिजिकल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 लाख रुपए कीमत की 106 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 52 हजार रुपए नकद, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लायरों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बड़ी मात्रा में स्मैक लेकर शहर में सप्लाई करने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कर्बला क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी रामनिवास उर्फ करुआ रावत निवासी पाटई, जिला ग्वालियर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 106 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शिवपुरी में स्मैक की खेप खपाने के उद्देश्य से आया था। उसके पास से मिले 52 हजार रुपए नकद को भी पुलिस संदिग्ध मान रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह राशि स्मैक की छोटी-छोटी पुड़ियों की बिक्री से प्राप्त हुई हो सकती है।
फिजिकल थाना प्रभारी कृपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राजेंद्र रावत का नाम उजागर किया है, जो उसे स्मैक उपलब्ध कराता था। पुलिस राजेंद्र की तलाश में जुटी हुई है। इसके अलावा आरोपी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और संपर्कों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
एसपी के सख्त तेवरों का असर
जिले में पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के पदभार संभालने के बाद नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई देखने को मिल रही है। बीते कुछ समय में स्मैक और अन्य मादक पदार्थों के साथ कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अब केवल तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनसे जुड़े सप्लायर और नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने का प्रयास भी कर रही है।
गुना-राजस्थान से हटकर अब ग्वालियर बना नया केंद्र
पुलिस सूत्रों के अनुसार पहले शिवपुरी जिले में स्मैक की आपूर्ति मुख्य रूप से गुना के कुंभराज और राजस्थान के रास्तों से होती थी, लेकिन हाल के मामलों में ग्वालियर कनेक्शन लगातार सामने आ रहा है। पिछले दिनों पकड़े गए कई तस्करों के तार भी ग्वालियर से जुड़े पाए गए हैं। इससे संकेत मिल रहे हैं कि तस्करों ने अपने वितरण तंत्र और सप्लाई रूट में बदलाव कर लिया है।
इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अब तक की महत्वपूर्ण सफलताओं में माना जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों का भी पर्दाफाश होगा।
Indiaaajtak.in
Editor-in-Chief: Vinod Vikat
मो.: 09977708976
02 जून 2026


No comments