डीआईजी की चेतावनी, एसपी का सख्त संदेश और फिजिकल पुलिस का वार; 25 लाख की स्मैक के साथ तस्कर दबोचा, अब बारी नेटवर्क की पुलिसनामा : विनोद विकट ...
डीआईजी की चेतावनी, एसपी का सख्त संदेश और फिजिकल पुलिस का वार; 25 लाख की स्मैक के साथ तस्कर दबोचा, अब बारी नेटवर्क की
पुलिसनामा : विनोद विकट
ग्वालियर रेंज के डीआईजी असित यादव और शिवपुरी की पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने क्राइम मीटिंग में नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के जो संकेत दिए थे, फिजिकल थाना पुलिस की कार्रवाई ने उन्हें जमीन पर उतार दिया। 106 ग्राम स्मैक की बरामदगी केवल एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए एक संदेश है कि अब पुलिस की नजर सिर्फ तस्करों पर नहीं, उन्हें संरक्षण देने वालों और सप्लाई चेन पर भी है।
जिले के थाना प्रभारियों को यह समझ लेना चाहिए कि अब अपराध समीक्षा बैठकों में केवल आंकड़े नहीं चलेंगे, बल्कि यह भी पूछा जाएगा कि उनके थाना क्षेत्र में नशे का कारोबारी आखिर बच कैसे रहा था। जिस थाने में स्मैक बिकेगी, वहां केवल तस्कर ही नहीं, पुलिस की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में आएगी।
25 लाख की स्मैक के साथ पकड़ा गया करुआ एक चेहरा है, लेकिन उसके मोबाइल में छिपे नंबर और उसके पीछे का नेटवर्क कई और चेहरों को बेनकाब कर सकता है। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि जिले में नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कार्रवाई तक सीमित रहती है या फिर पूरे नेटवर्क की कमर तोड़ने तक पहुंचती है।
सवाल सीधा है— अब भी यदि किसी थाना क्षेत्र में नशे का कारोबार फलता-फूलता मिला, तो कटघरे में केवल तस्कर खड़े होंगे या फिर जिम्मेदार पुलिस अधिकारी भी?



No comments