300 CCTV खंगालकर पुलिस ने खोला करोड़ों की उम्मीद वाला चोरी कांड, 7 आरोपी गिरफ्तार, 4 लाख का माल बरामद शिवपुरी, 02 जून 2026। बदरवास के सीएम र...
300 CCTV खंगालकर पुलिस ने खोला करोड़ों की उम्मीद वाला चोरी कांड, 7 आरोपी गिरफ्तार, 4 लाख का माल बरामद
शिवपुरी, 02 जून 2026। बदरवास के सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। थाना बदरवास, रन्नौद और इन्दार पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की जांच के आधार पर पूरे गिरोह का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये का माल और वारदात में प्रयुक्त बुलेरो वाहन भी बरामद किया है।
23 मई 2026 को बदरवास निवासी महेन्द्र कुमार गुप्ता ने अपने घर से सोने-चांदी के जेवरात एवं 10 लाख रुपये नगद चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने लगातार जांच को आगे बढ़ाया।
जांच के दौरान पुलिस ने बदरवास, नेशनल हाईवे और गुना क्षेत्र के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर घटना में प्रयुक्त बुलेरो वाहन की पहचान की गई। इसके बाद वाहन चालक पुरुषोत्तम गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिससे पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
पुलिस ने गुज्जर पारदी और मंगतराम पारदी सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि गिरोह ने करीब डेढ़ माह तक प्राचार्य के मकान की रेकी की थी। स्थानीय संपर्क सूत्रों ने पारदी आरोपियों को जानकारी उपलब्ध कराई और चोरी की साजिश रची थी।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी शिवपुरी जिले के सिंहनिवास गांव में हुई एक अन्य चोरी की वारदात में भी शामिल रहे हैं। पुलिस इस संबंध में भी आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस पूरे खुलासे में थाना प्रभारी बदरवास शिखा तिवारी, थाना प्रभारी रन्नौद अरविन्द चौहान, थाना प्रभारी इन्दार विवेक यादव, साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र जाट सहित पुलिस और साइबर टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की मेहनत लाई रंग
करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की जांच, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और लगातार फील्ड वर्क के दम पर पुलिस ने एक चुनौतीपूर्ण चोरी कांड का सफल खुलासा किया है। यह कार्रवाई दर्शाती है कि संगठित अपराधियों तक पहुंचने के लिए अब पारंपरिक जांच के साथ तकनीक का प्रभावी उपयोग भी पुलिस की बड़ी ताकत बन चुका है।
Indiaaajtak.in
Editor-in-Chief : Vinod Vikat
Mob. : 09977708976
Date : 02/06/2026
"डेढ़ माह की रेकी, 300 CCTV और फिर खुलासा: बदरवास चोरी कांड में 7 आरोपी गिरफ्तार"


No comments