अफसरनामा: गांव की चौपाल तक पहुंचा प्रशासन शिवपुरी जिले में लंबे समय बाद ऐसा माहौल बनता दिखाई दे रहा है, जब प्रशासन खुद जनता के दरवाजे तक पहु...
अफसरनामा: गांव की चौपाल तक पहुंचा प्रशासन
शिवपुरी जिले में लंबे समय बाद ऐसा माहौल बनता दिखाई दे रहा है, जब प्रशासन खुद जनता के दरवाजे तक पहुंच रहा है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर पंचायत स्तर पर शुरू हुई जनसुनवाई व्यवस्था ग्रामीणों के लिए राहत लेकर आई है। अब समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने की मजबूरी कम होती दिख रही है।
पोहरी और बदरवास जनपद के सीईओ आफीसर सिंह गुर्जर तथा एसडीएम अनुपम शर्मा लगातार गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। चौपालों में आवास, पेंशन, राजस्व, आधार अपडेट और अन्य जनहित के मामलों का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। यही प्रशासन की असली पहचान है—जब अधिकारी कुर्सी से निकलकर जनता के बीच पहुंचें।
आफीसर सिंह गुर्जर की कार्यशैली इन दिनों चर्चा में है। वे शिकायतों को केवल सुनते नहीं, बल्कि समाधान तक पहुंचाने की कोशिश भी करते हैं। वहीं अनुपम शर्मा भी जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के लिए मैदानी स्तर पर सक्रिय नजर आ रहे हैं।
यदि यह व्यवस्था इसी गंभीरता और निरंतरता के साथ चलती रही, तो प्रशासन और जनता के बीच भरोसे की दूरी कम होगी। गांव की चौपाल पर बैठकर समस्याएं सुनना केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुशासन की पहचान है।
— अफसरनामा, विनोद विकट, शिवपुरी


No comments