फिटनेस की नई क्रांति का आगाज, शिवपुरी में खुला प्रदेश का पहला जिला स्तरीय फिट इंडिया क्लब शिवपुरी, 2 जून 2026। युवाओं और आमजन में स्वास्थ्...
फिटनेस की नई क्रांति का आगाज, शिवपुरी में खुला प्रदेश का पहला जिला स्तरीय फिट इंडिया क्लब
शिवपुरी, 2 जून 2026। युवाओं और आमजन में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में शिवपुरी ने प्रदेश में एक नई पहचान बनाई है। श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर में प्रदेश के पहले जिला स्तरीय फिट इंडिया क्लब (जिम) का शुभारंभ किया गया।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने नवीन इंडोर हॉल परिसर में फीता काटकर फिट इंडिया क्लब का शुभारंभ किया। इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे।
फिट इंडिया मूवमेंट की भावना को आगे बढ़ाते हुए स्थापित किए गए इस क्लब में युवाओं और आमजन के लिए आधुनिक इंडोर एवं ओपन जिम की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, कार्डियो ट्रेनिंग, एरोबिक ट्रेनिंग, रेजिस्टेंस ट्रेनिंग, न्यूट्रिशन सपोर्ट, फिटनेस काउंसलिंग, मसल्स स्ट्रेचिंग एवं अन्य आधुनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
यह प्रदेश का पहला जिला स्तरीय फिट इंडिया क्लब है, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों को बेहतर फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इस पहल से जिले के खिलाड़ियों को उन्नत प्रशिक्षण मिलेगा, वहीं आमजन भी आधुनिक फिटनेस संसाधनों का लाभ उठा सकेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल युवाओं में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देगी, बल्कि शिवपुरी को खेल एवं स्वास्थ्य गतिविधियों के एक प्रमुख केंद्र के रूप में भी स्थापित करेगी।
Indiaaajtak.in
Editor-in-Chief : Vinod Vikat
Mob. : 09977708976
Date : 02/06/2026





No comments