भाई का काटा चालान, तो बहन चढ़ बैठी पुलिस की गाड़ी के बोनट पर, किया हाई वोल्टेज ड्रामा पुलिस की वाहन चेकिंग कार्रवाई का अनूठा विरोध, गाड़ी ...
भाई का काटा चालान, तो बहन चढ़ बैठी पुलिस की गाड़ी के बोनट पर, किया हाई वोल्टेज ड्रामा
पुलिस की वाहन चेकिंग कार्रवाई का अनूठा विरोध, गाड़ी पर बैठकर दिया धरना, असमंजस में रही पुलिस
शिवपुरी। जिले के करेरा नगर में प्रमुख चौराहे पर एक महिला ने पुलिस की गाड़ी के बोनट पर धरना दे दिया। चालान काट रही पुलिस भी अपनी कार्रवाई छोड़कर इस कवायद में जुट गई कि बोनट पर धरना दे रही महिला को कैसे नीचे उतारें। बताते हैं कि इस दौरान उक्त महिला का भाई भी खुद के सिर में पत्थर मारकर चोटिल करने का प्रयास कर रहा था।
हुआ यह कि मंगलवार की शाम करेरा नगर के प्रमुख चौराहे पर एसडीओपी ऑफिस के सामने पुइस वाहन चालकों पर ट्रैफिक नियमों का पालन न करने पर चालानी कार्यवाही कर रही थी। इस दौरान एक महिला अपने भाई के साथ बाइक से निकली, तो पुलिस ने वो बाइक भी रोक ली, तथा चालान काटने की बात कही। पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही महिला बाइक से उतरकर सामने खड़ी पुलिस की चारपहिया गाड़ी के बोनट पर चढ़ कर बैठ गई। एकाएक महिला की इस हरकत से पुलिसकर्मी भी हतप्रभ रह गए। इसी बीच महिला का भाई सड़क किनारे रखे एक पत्थर को उठाकर अपने सिर पर मारने लगा। चालानी कार्यवाही के दौरान भाई-बहन का यह अनूठा विरोध देखकर पुलिस वालों को भी समझ नहीं आ रहा था कि आखिर वो इस संकट से कैसे बाहर निकलें। इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखकर पुलिस अपनी कार्यवाही को छोड़कर महिला को गाड़ी से नीचे उतारने की तरकीबों में जुट गई।
चूंकि यह पूरा घटनाक्रम मुख्य चौराहे पर हो रहा था, इसलिए न केवल लोगों की भीड़ लग गई, बल्कि कई लोग इस अनूठे धरना प्रदर्शन का वीडियो बनाने लगे।
बताते हैं कि इसी तरह का एक वीडियो छतरपुर का भी सामने आया था, जिसमें पुलिस कार्यवाही के खिलाफ महिला गाड़ी के बोनट पर चढ़कर बैठ गई थी। संभवतः महिला ने उसी वीडियो से प्रेरित होकर इस तरह का अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद महिला को गाड़ी के बोनट से नीचे उतारा। उक्त महिला का नाम पिंकी बताया जा रहा है, जो दिनारा के पास की रहने वाली है।

No comments