हवस के सौदागरों का रेड लाइट एरिया में तांडव: वेश्यावृत्ति से किया इनकार, तो युवतियों और मां को सड़क पर पीटा; जमकर चले पत्थर शिवपुरी। शहर ...
हवस के सौदागरों का रेड लाइट एरिया में तांडव: वेश्यावृत्ति से किया इनकार, तो युवतियों और मां को सड़क पर पीटा; जमकर चले पत्थर
शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र में आने वाले रेड लाइट एरिया में बुधवार की रात उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गई, जब कुछ दबंगों ने युवतियों पर जिस्मफरोशी का दबाव बनाया। जब युवतियों ने इस 'गंदे धंधे' का हिस्सा बनने से इनकार किया, तो आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। मारपीट से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते पथराव में बदल गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
होटल में भेजना चाहते थे आरोपी
पीड़ित महिलाओं ने गुरुवार को एसपी दफ्तर पहुंचकर आपबीती सुनाई। उनका गंभीर आरोप है कि आरोपी उन्हें सुरवाया थाना क्षेत्र के एक होटल में देह व्यापार के लिए मजबूर कर रहे थे। जब उन्होंने मना किया, तो आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हमला बोल दिया।
घर में घुसकर मारपीट और पथराव
शिकायत के अनुसार, हऊआ, शानू और बिक्के बेड़ियां नामक युवक युवतियों के पास पहुंचे और अश्लील मांगें करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने युवतियों और उनकी बीच-बचाव करने आई मां को बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, जाते-जाते आरोपियों ने घर पर पथराव भी किया, जिससे वहां लगे सीसीटीवी कैमरे और बाहर खड़ी बाइक चकनाचूर हो गई।
पुलिस की कार्रवाई: 9 पर केस दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहात थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी है। हालांकि पुलिस इसे पुरानी रंजिश का एंगल भी दे रही है। फिलहाल, दोनों तरफ से कुल 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। एसपी कार्यालय ने मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

No comments