बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रेत परिवहन डंफर पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई भ्रामक आरोपों के संबंध में दी वस्तुस्थिति की जानकारी शिवपुरी / ...
बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रेत परिवहन डंफर पर परिवहन विभाग ने की कार्रवाई
भ्रामक आरोपों के संबंध में दी वस्तुस्थिति की जानकारी
शिवपुरी / कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में परिवहन विभाग द्वारा जिले में अवैध रेत परिवहन, बिना वैध दस्तावेज संचालित वाहनों, ओवरलोडिंग तथा मोटरयान अधिनियम के उल्लंघनों के विरुद्ध नियमित रूप से जांच एवं कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में डम्फर वाहन स्वामी मोहन सिकरवार पुत्र मलखान सिंह सिकरवार निवासी वार्ड क्रमांक 11 मानीपुरा कोलारस के वाहनों द्वारा बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन किए जाने के प्रकरण संज्ञान में आए हैं।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि उक्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी एवं जप्ती की कार्यवाही किए जाने पर संबंधित वाहन स्वामी द्वारा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने, उन्हें परेशान करने तथा विभिन्न स्तरों पर झूठी एवं निराधार शिकायतें प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे कार्यवाही प्रभावित हो सके।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में भी संबंधित वाहन स्वामी के वाहनों पर चेकिंग के दौरान चालानी एवं जप्ती की कार्रवाई की गई थी तथा समझाइश देकर छोड़ा गया था, इसके बावजूद पुनः नियमों का उल्लंघन किया गया। इस मामले में जिला परिवहन अधिकारी ने आवश्यक कार्यवाही के लिए पुलिस अधीक्षक को भी पत्र लिखा है।
सोशल मीडिया एवं विभिन्न समाचार माध्यमों पर संबंधित वाहन संचालक द्वारा परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कथित अवैध वसूली के लगाए गए आरोपों को विभाग ने पूर्णतः निराधार, असत्य एवं भ्रामक बताया है।

No comments