धरना स्थल पर हमला: वायरल वीडियो से गरमाई सियासत, कार्रवाई की मांग तेज शिवपुरी, 5 जून 2026। पिछोर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए ...
धरना स्थल पर हमला: वायरल वीडियो से गरमाई सियासत, कार्रवाई की मांग तेज
शिवपुरी, 5 जून 2026। पिछोर क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए कथित हमले का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। बीते रोज सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। बताया जा रहा है कि 27 मई को धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर कुछ युवकों ने डंडों से हमला किया था, जिसकी पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
वायरल वीडियो में करीब 10 से 12 बाइक सवार युवक धरना स्थल पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि युवक वाहनों से उतरकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करने लगे। घटना में कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के घायल होने की बात सामने आई है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल गुप्ता के अनुसार हमले में अतुल पाराशर, राजवीर सिंह परमार, अनिल गुप्ता, रामस्वरूप कुशवाह एवं चंद्रशेखर गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता घायल हुए थे। कांग्रेस का आरोप है कि हमला सुनियोजित तरीके से किया गया था।
कांग्रेस ने 30 मई को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नामजद शिकायत देकर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग दोहराई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठा रही है, लेकिन सत्ता पक्ष द्वारा इस आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब जबकि घटना का वीडियो भी सामने आ चुका है, तो पुलिस को आरोपियों की पहचान कर निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वायरल वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। अब सभी की निगाहें पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
— IndiaAajTak.in
Editor-in-Chief: Vinod Vikat
09977708976
05 जून 2026


No comments